Primary Ka Master Latest Updates👇

31 अग॰ 2021

1453 एडेड विद्यालयों को मिलेंगे प्रधानाचार्य

 प्रयागराज : एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य पद पर भर्ती का इंतजार करने वालों के लिए यह खुश करने वाली खबर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को 1453 पदों के लिए अधियाचन मिला है। अब इन खाली पदों को भरने के लिए आवेदन लिया जाएगा। इस भर्ती से कार्यवाहक के भरोसे चल रहे विद्यालयों को स्थाई प्रधानाचार्य मिल जाएंगे।



वर्ष 2011 में प्रदेश के सभी 17 मंडलों (तब 17 मंडल थे) में रिक्त पदों पर प्रधानाचार्य की भर्ती शुरू हुई थी, लेकिन छह मंडलों में रिजल्ट आने के 21 दिन के भीतर ही इंटरव्यू कर लिया गया, जो कि नियम विरुद्ध था। ऐसे में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की सुचिता पर सवाल उठने लगे तो चयन बोर्ड ने इन छह मंडलों का इंटरव्यू निरस्त करके शेष 11 मंडलों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की। छह मंडलों में रिक्त पदों की भर्ती निरस्त करने के चयन बोर्ड के फैसले के खिलाफ कई अभ्यर्थी कोर्ट चले गए, जिसमें अभी निर्णय नहीं हुआ है। इस बीच कई विद्यालय प्रभारी प्रधानाचार्य के भरोसे चल रहे हैं। इससे प्रशासनिक व शैक्षिक कार्य विद्यालयों में प्रभावित हो रहे हैं।

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अभी 2021 की प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) और प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की भर्ती प्रक्रिया में व्यस्त है, जो कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 31 अक्टूबर तक पूरी करनी है। इसके चलते चयन बोर्ड का पूरा जोर इस भर्ती को पूरी करने पर है, ताकि सुप्रीम कोर्ट में उसे असहज स्थिति का सामना न करना पड़े। चयन बोर्ड के सचिव नवल किशोर ने बताया कि प्रधानाचार्य के रिक्त 1453 पदों के लिए मिले अधियाचन पर भर्ती प्रक्रिया अक्टूबर में शुरू की जाएगी। फिलहाल, पिछली भर्ती पूरी करने की प्रक्रिया के साथ इस भर्ती के लिए भी तैयारी की जा रही है।

1453 एडेड विद्यालयों को मिलेंगे प्रधानाचार्य Rating: 4.5 Diposkan Oleh: TET NEWS

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें